चीनी की बढ़ती कीमतों पर योगी सरकार सख्त, 30 दिन से ज्यादा स्टॉक रखने पर कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को चीनी की जमाखोरी पर निगरानी बढ़ाने और निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सरकार के निर्देश के मुताबिक व्यापारियों को 30 दिन से अधिक की जरूरत का चीनी स्टॉक रखने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, 400 टन से ज्यादा चीनी का भंडारण पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया है कि प्रदेश में फिलहाल करीब 179.38 लाख क्विंटल चीनी उपलब्ध है। इसके बावजूद पिछले एक महीने में खुदरा बाजार में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, जहां करीब एक महीने पहले चीनी लगभग 48 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर करीब 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। कुछ स्थानों पर उपभोक्ताओं को चीनी 70 रुपये प्रति किलो तक खरीदनी पड़ रही है।

सरकार ने साफ किया है कि बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने और जमाखोरी करने वालों पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई का उद्देश्य चीनी की उपलब्धता बनाए रखना और उपभोक्ताओं को बढ़ी कीमतों से राहत दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *