कांवड़िया यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कटिहार, 24 अगस्त 2026। कांवड़िया यात्रा को लेकर आज यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। मनिहारी गंगा तट से पवित्र जल भरकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटिहार के दुर्गास्थान परिसर में विश्राम करते हुए गौरखनाथ धाम मंदिर में जल अर्पित करने जाते हैं।
कांवड़िया श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम यात्रा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान मार्ग में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप महापौर मंजूर खान , नगर आयुक्त संतोष कुमार, कनीय अभियंता अजय सिंह, स्थानीय निगम पार्षद प्रमोद महतो एवं नगर निगम के अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि कांवड़िया श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।











