कटिहार में दिव्यांगजनों को मिली बड़ी सौगात, 5 लाभुकों को बैट्री चालित ट्राईसाईकिल वितरित
कटिहार: कटिहार प्रखंड अंतर्गत सिरनियाँ पश्चिम पंचायत में मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को आयोजित सहयोग शिविर में दिव्यांगजनों और लाभुकों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
शिविर में माननीय पूर्व उप-मुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने सम्बल योजना के तहत कुल 5 दिव्यांगजनों के बीच बैट्री चालित ट्राईसाईकिल का वितरण किया। ट्राईसाईकिल मिलने से दिव्यांग लाभुकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत श्रीमती रिया कुमारी, श्रीमती कुमारी काजल और श्रीमती शिवानी कुमारी को एक-एक लाख रुपये के सावधि जमा प्रमाण-पत्र (Fixed Deposit) प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद ने लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख, सिरनियाँ पश्चिम पंचायत के मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से आयोजित इस सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा।











