20 सूत्री की बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल, जांच और कार्रवाई की उठी मांग

कटिहार के बरारी प्रखंड में आयोजित 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में दर्जनों विकास कार्यों में कथित गड़बड़ी और जनसमस्याओं का मुद्दा जोर-शोर से उठा।

बैठक की अध्यक्षता प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बरारी विधायक विजय सिंह निषाद मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

इस दौरान पंचायतों में लगाए गए आरसीसी कुर्सियों, आरओ और जिम सहित कई कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए। सदस्यों ने मां लक्ष्मी इंटरप्राइजेज एजेंसी पर कथित तौर पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।

वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में कथित अनियमितता, बिजली की समस्या और पंचायत सरकार भवनों की खराब स्थिति का मामला भी बैठक में उठा।

बाढ़ और कटाव को देखते हुए बांध और तटबंधों की सुरक्षा को लेकर भी सदस्यों ने समय रहते संवेदनशील स्थानों पर पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।

विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि विकास कार्यों में गड़बड़ी के मामलों को गंभीरता से लिया गया है। जांच में अनियमितता सामने आने पर दोषी एजेंसी और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *