ईरान-अमेरिका तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- होर्मुज पर अमेरिका का लगभग पूरा नियंत्रण
ईरान और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। मंगलवार को अमेरिका ने ईरान के खिलाफ ताजा सैन्य कार्रवाई की, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर कहा कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर लगभग पूरा नियंत्रण है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रतिबंधों और सैन्य दबाव के चलते ईरान की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ट्रंप ने बातचीत को लेकर सामने आई खबरों को खारिज करते हुए कहा कि वह ईरान को बातचीत की मेज पर लाने के लिए मजबूर नहीं कर रहे हैं। दूसरी ओर, ईरान और अमेरिका के बीच हमलों का सिलसिला जारी रहने से क्षेत्रीय तनाव बढ़ता जा रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, इसलिए यहां जारी संकट का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी पड़ रहा है।











