हथियार और शराब के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, STF-पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कटिहार: बरारी थाना क्षेत्र के उचला गांव में बरारी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर हथियार और विदेशी शराब के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के घर से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस, जबकि दूसरे के घर से 11.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
डीएसपी सुनील कुमार शर्मा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि उचला गांव में एक व्यक्ति हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना की पुष्टि के बाद बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार और एसटीएफ इंस्पेक्टर भागवत पासवान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान उचला निवासी 28 वर्षीय सुमन कुमार महतो के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके घर से देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने सुमन के भाई पवन कुमार महतो के घर पर भी छापेमारी की, जहां से 11.5 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों का आपराधिक इतिहास रहा है। सुमन के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं, जबकि पवन के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज है।
एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में एसआई राजनेता कुमार, कौशल कुमार, अमित कुमार, शिवम चौधरी समेत पुलिस बल शामिल रहे। दोनों आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











