कटिहार में भारी बारिश और संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM ने कुर्सेला में लिया जायजा
कटिहार। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और गंगा नदी के जलस्तर में धीमी बढ़ोतरी को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर जलस्तर, जलजमाव, तटबंधों, सड़कों और आवागमन की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार सदर तथा प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारियों के साथ कुर्सेला प्रखंड के जरलाही पंचायत स्थित गुमटी टोला और 12 नंबर स्पर का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और आसपास के जल प्रभावित गांवों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अंचल अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और आपदा विभाग की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि गंगा और कोशी नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। जल प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुरक्षात्मक एवं राहत कार्य शुरू किए जाएंगे। क्षतिग्रस्त सड़कों और संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
वहीं, प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले पानी में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।
प्रशासन के अनुसार, स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है और आमजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।











