पुलिसकर्मियों के लिए लगाया गया नि:शुल्क फिजियोथेरेपी कैंप, दर्जनों जवानों ने उठाया लाभ
कटिहार: पुलिसकर्मियों के अच्छे स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती को ध्यान में रखते हुए रविवार को कटिहार नगर थाना परिसर में नि:शुल्क फिजियोथेरेपी कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में ड्यूटी के दौरान शारीरिक तनाव, कमर दर्द, जोड़ों के दर्द और मांसपेशियों में जकड़न जैसी समस्याओं से परेशान पुलिसकर्मियों की जांच एवं उपचार किया गया।
यह विशेष स्वास्थ्य शिविर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति विकास परिषद (नई दिल्ली), ए टू जेड एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट एवं शिव फिजियोथेरेपी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कैंप में विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राकेश कुमार गौतम द्वारा पुलिसकर्मियों की शारीरिक समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार दिया गया। इस दौरान दर्जनों पुलिसकर्मियों ने कैंप का लाभ उठाया।
शिविर में कमर दर्द, जोड़ों के दर्द, मांसपेशियों की जकड़न एवं शारीरिक थकान जैसी समस्याओं की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही विशेषज्ञ द्वारा पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह भी दी गई।
आयोजकों ने कहा कि दिन-रात लोगों की सुरक्षा में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। ऐसे शिविर पुलिसकर्मियों को स्वस्थ और फिट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।











