कटिहार में ट्रेन कोच क्लीनिंग ठप! 5 दिनों से सफाईकर्मियों की हड़ताल, PF-ESI की मांग पर उठे सवाल
कटिहार में ट्रेनों की साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है। कटिहार स्टेशन होकर गुजरने वाली ट्रेनों के कोच की सफाई से जुड़े करीब 70 से 80 सफाईकर्मी पिछले पांच दिनों से हड़ताल पर हैं।
सफाईकर्मियों का कहना है कि ट्रेन कोच क्लीनिंग का काम पिछले कई वर्षों से निजी कंपनी के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इनके मुताबिक, कटिहार स्टेशन से गुजरने वाली करीब 900 ट्रेनों के कोच की साफ-सफाई की जिम्मेदारी इन्हीं कर्मियों पर है।
हड़ताल कर रहे सफाईकर्मियों का आरोप है कि उन्हें पिछले करीब पांच वर्षों से PF और ESI जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उनका दावा है कि जब भी इन सुविधाओं की मांग की जाती है, तो कथित तौर पर अलग-अलग कारण बताकर उन्हें काम से हटाने की बात कही जाती है।
सफाईकर्मियों का आरोप है कि पुराने कर्मचारियों की जगह कम वेतन पर नए मजदूरों को काम पर रखने का दबाव बनाया जाता है।
अब सफाईकर्मी काम बंद कर अपनी मांगों को लेकर रेल अधिकारियों से हस्तक्षेप की उम्मीद कर रहे हैं।
सवाल यह है कि इन सफाईकर्मियों की मांगों का समाधान कब होगा और ट्रेनों की सफाई व्यवस्था कब सामान्य होगी?
इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता भी सफाईकर्मियों के पक्ष में आवाज उठा रहे हैं और रेल प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।











