सहयोग शिविर के आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर नगर आयुक्त ने की समीक्षा
01 सितंबर को प्रस्तावित सहयोग शिविर की तैयारियों का भी लिया जायजा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
कटिहार, 31 अगस्त 2026।
नगर निगम कटिहार के सभा प्रशाल भवन में सोमवार को अपराह्न 4:00 बजे नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 01 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने नगर निगम की विभिन्न प्रशाखाओं में सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने लंबित एवं निष्पादित आवेदनों की जानकारी लेते हुए संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। ऐसे में किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उसकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए।
उन्होंने सभी प्रशाखा प्रभारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को नगर निगम की सेवाओं का लाभ सरल, सुगम एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
समीक्षा के दौरान 01 सितंबर को होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को शिविर में आने वाले नागरिकों की सुविधा, आवेदनों के त्वरित संकलन एवं उनके निष्पादन की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम की विभिन्न प्रशाखाओं के प्रभारी पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में गति, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए आमजन को बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराएं।











