महापौर ने जनता दरबार में सुनीं 18 फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कटिहार: नगर निगम कटिहार में प्रत्येक सोमवार की तरह सोमवार, 31 अगस्त 2026 को भी महापौर ऊषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। महापौर ने नगर निगम स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पहुंचे 18 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनता दरबार में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, सड़क एवं नाला निर्माण, बिजली के पोल और लाइट, रास्ते से जुड़े विवाद, अतिक्रमण, नालों की साफ-सफाई समेत कई समस्याएं सामने आईं। वहीं, सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी लोगों ने रखी।

महापौर ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का नियमानुसार जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है और लोगों को अपनी शिकायतों के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए जनता दरबार के माध्यम से सीधे उनकी बात सुनी जा रही है।

इस दौरान महापौर ने पिछले जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की और संबंधित मामलों की प्रगति की जानकारी ली। नगर निगम की इस पहल से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे महापौर के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *