कटिहार में डीएम ने सुनीं 36 फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कटिहार: बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” के उद्देश्यों के अनुरूप कटिहार में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में पहल जारी है।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 36 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
डीएम ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, जिले के सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित दोनों कार्य दिवसों में अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं की सुनवाई करें और उनके समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।











