बट्टी वसूली में अनियमितता पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, लेसी मैनेजर साह का कार्यादेश रद्द
कटिहार, 1 सितंबर 2026:
बाजार शेष भाग की बट्टी वसूली में नियमों के उल्लंघन और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कटिहार नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लेसी मैनेजर साह को जारी बट्टी वसूली का कार्यादेश रद्द कर दिया गया है। साथ ही नगर निगम ने संपूर्ण राशि जब्त करने का निर्णय लिया है।
नगर निगम के अनुसार, डाक सूचना संख्या 22/2025-26 के तहत उच्चतम बोली के आधार पर मैनेजर साह को बट्टी वसूली का कार्य सौंपा गया था। कार्यादेश में POS मशीन से निर्धारित स्थान पर वसूली, तत्काल रसीद उपलब्ध कराने, निर्धारित दर तालिका के प्रकाशन और वसूली के दौरान निर्धारित वर्दी एवं पहचान पत्र रखने जैसी शर्तें तय की गई थीं।
हालांकि, कार्यादेश मिलने के बाद बट्टी वसूली में अनियमितता की कई शिकायतें नगर निगम को प्राप्त हुईं। 21 अप्रैल को वार्ड 39 के पार्षद एवं स्थायी सशक्त समिति सदस्य बिपिन बिहारी चौबे ने कथित अवैध बट्टी वसूली की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद संबंधित लेसी से कारण-पृच्छा की गई, लेकिन निगम के अनुसार जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
इसके अलावा राकेश कुमार साह ने सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत की कि एक ही वाहन से एक दिन में दो बार बट्टी वसूली की गई। वहीं गिट्टी और बालू लदे वाहनों से वसूली को लेकर भी लगातार शिकायतें मिलने के बाद नगर निगम ने संबंधित लेसी से जवाब मांगा था।
बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से फैसला
मामले को लेकर 13 जुलाई 2026 को हुई नगर निगम की सामान्य बोर्ड बैठक में प्रस्ताव संख्या-01 के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जारी कार्यादेश को रद्द करने का निर्णय लिया गया।
बोर्ड के निर्णय और निर्धारित नियमों के उल्लंघन को आधार बनाते हुए अब नगर निगम ने कार्यादेश संख्या 1247/ननि0, दिनांक 30 मार्च 2026 को रद्द कर दिया है और संपूर्ण राशि जब्त करने की कार्रवाई का निर्णय लिया है।
नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद बट्टी वसूली व्यवस्था में हड़कंप मचा है। अब देखना होगा कि आगे इस मामले में संबंधित पक्ष पर और क्या कार्रवाई होती है।











