बांका में BDO 75 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, मामा भी हिरासत में

बांका से बड़ी खबर सामने आई है, जहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने फुल्लीडूमर प्रखंड के BDO अमित प्रताप सिंह को कथित तौर पर 75 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पटना से पहुंची निगरानी टीम ने यह कार्रवाई बांका शहर के नेहरू कॉलोनी स्थित BDO के निजी आवास पर की। कार्रवाई के दौरान BDO के मामा बच्चन प्रसाद सिंह को भी हिरासत में लिया गया है।

निगरानी विभाग के मुताबिक, यह कार्रवाई फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायती राज विभाग से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में BDO द्वारा 75 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत के बाद निगरानी विभाग ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। मंगलवार को DSP स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में टीम बांका पहुंची और BDO के निजी आवास के आसपास निगरानी शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता द्वारा तय रकम पहुंचाए जाने के बाद निगरानी टीम ने कथित रूप से BDO को 75 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। मौके पर मौजूद उनके मामा को भी हिरासत में लिया गया। दोनों को पूछताछ के लिए बांका परिसदन लाया गया।

खास बात यह है कि BDO की गिरफ्तारी से ठीक एक दिन पहले फुल्लीडूमर में पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल को भी गिरफ्तार किया गया था। BDO ने पूर्व मुखिया पर मारपीट और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया था।

अब 24 घंटे के भीतर BDO की रिश्वत मामले में गिरफ्तारी से मामला और चर्चा में आ गया है। निगरानी टीम आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है और BDO को निगरानी की विशेष अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *