फलका के सहयोग शिविर में पहुंचे कटिहार DM आशुतोष द्विवेदी, आमजनों से किया सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
आज दिनांक 01/09/2026 को श्री आशुतोष द्विवेदी, जिला पदाधिकारी कटिहार के द्वारा फलका प्रखंड अंतर्गत पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में सम्मिलित हुए।
जिला पदाधिकारी के द्वारा शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों/प्रतिनिधियों से उनके विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों, निष्पादित कार्यों तथा आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी द्वारा शिविर में उपस्थित आमजनों से भी प्रत्यक्ष रूप से संवाद किया गया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं से संबंधित लाभ प्राप्त करने में लोगों को हो रही कठिनाइयों, शिविर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभागीय कार्यों के संबंध में आमजनों से फीडबैक प्राप्त किया।
आमजनों से यह भी जानकारी ली गई कि उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है अथवा नहीं तथा आवेदन, प्रमाण-पत्र, पेंशन, आवास, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सरकारी सेवाओं के संबंध में किसी प्रकार की समस्या या शिकायत तो नहीं है।
जिला पदाधिकारी द्वारा आमजनों से प्राप्त फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों/प्रतिनिधियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के नियमानुसार एवं शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध कराना है, अतः प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा शिविर में विभागवार लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया तथा संबंधित विभागों द्वारा आमजनों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने उपस्थित कर्मियों को आमजनों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं को सुनने तथा पात्र लाभुकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समग्र रूप से निरीक्षण का उद्देश्य शिविर में उपलब्ध कराई जा रही विभागीय सेवाओं की स्थिति का जायजा लेना, आमजनों से प्रत्यक्ष फीडबैक प्राप्त करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
सॉफ्टवेयर में जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त कटिहार, अनुमंडल पदाधिकारी कटिहार सदर, विशेष कार्य पदाधिकारी कटिहार एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहें।











