कटिहार के 20 मॉडल स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, डीएम ने प्रधानाध्यापकों को दिए निर्देश
कटिहार में मॉडल स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिले के सभी 20 मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम ने सभी मॉडल स्कूलों से संबद्ध किए गए पदाधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 में मुख्यमंत्री बिहार द्वारा राज्य में एक साथ 551 सरस्वती विद्या निकेतन यानी आदर्श विद्यालयों का लोकार्पण किया गया था। इन विद्यालयों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, विज्ञान और कंप्यूटर लैब के साथ खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल क्लास और करियर काउंसलिंग की व्यवस्था भी की गई है।
डीएम ने प्रधानाध्यापकों को नियमित रूप से पेरेंट्स-टीचर मीटिंग, प्रत्येक शनिवार साप्ताहिक टेस्ट और कमजोर छात्रों के लिए विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी दैनिक रूटीन में शामिल करने को कहा।
विद्यालयों से संबद्ध पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक कक्षा स्वयं लेंगे और विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन देंगे। वे स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और विज्ञान प्रयोगशाला के उपयोग, शिक्षकों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति और छात्रों की उपस्थिति की भी निगरानी करेंगे।
संबद्ध पदाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह अपनी कक्षा और निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया है, जिसे संकलित कर जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।











