34 साल पुराने जमीन विवाद का हुआ समाधान, दोनों पक्षों में बनी सहमति

ठाकुरगंज। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कनकपुर पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित जामनीगुड़ी गांव में करीब 34 वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद का आखिरकार आपसी सहमति से समाधान हो गया। विवाद के समाधान के बाद दोनों पक्षों के साथ-साथ ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सोहेल उर्फ राजा एवं समाजसेवी मोहम्मद कलाम की अध्यक्षता में दोनों पक्षों को बैठाकर मामले पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान दोनों पक्षों द्वारा प्रस्तुत किए गए जमीन से संबंधित कागजातों का मिलान किया गया।

इसके बाद चर्चित स्थानीय अमीन बासु मंडल एवं अनुभवी अमीन मोहम्मद ताजुद्दीन द्वारा स्थल पर पहुंचकर जमीन की मापी की गई। मापी एवं कागजातों के आधार पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाते हुए विवाद का समाधान कराया गया। साथ ही जमीन की सीमा को स्पष्ट करने के लिए मौके पर पिलर भी गाड़ दिया गया।

समझौते के बाद प्रथम पक्ष इमामुद्दीन के वारिसों को जमीन पर दखल-कब्जा दिलाया गया। लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाप्त होने पर दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने भी समाज के गणमान्य लोगों और अमीनों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपसी बातचीत एवं समझदारी से पुराने विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होना क्षेत्र के लिए सकारात्मक संदेश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *