बरारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 252 लीटर विदेशी शराब बरामद; चालक गिरफ्तार
कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रौनियां पंचायत के चंदू बाबा स्थान के पास छापेमारी कर एक चारपहिया वाहन से 252 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौनियां पंचायत निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष सुमेश कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि बंगाल से शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर इलाके में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
पुलिस का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











