कृष्ण जन्माष्टमी पर कटिहार में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगेगा पूरा शहर

कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कटिहार शहर एक बार फिर श्रीकृष्ण की भक्ति में रंगने को तैयार है। इस वर्ष भी यदुवंशी सेना की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

बुधवार को यदुवंशी सेना की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शोभायात्रा की तैयारियों, मार्ग और आयोजन को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। आयोजकों के मुताबिक शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाज के लोग शामिल होंगे।

शोभायात्रा हवाई अड्डा मैदान से शुरू होकर झुलनिया मोड़, शिव मंदिर चौक, दौलतराम चौक, पानी टंकी चौक, एमजी रोड और शहीद चौक होते हुए मनिहारी मोड़ पहुंचेगी। इसके बाद मिरचाईबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के रास्ते शोभायात्रा हृदयगंज के राज गार्डन पहुंचेगी।

राज गार्डन में भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद महाभंडारे का आयोजन होगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

यदुवंशी सेना के जिला अध्यक्ष धनंजय यादव और राजन यादव ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी सनातन संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में आपसी एकता, भाईचारे और धार्मिक उत्साह को मजबूत करना है।

आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। वहीं, आयोजन को लेकर शहर में अभी से उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *