कटिहार में शुरू हुआ ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान, घर-घर होगी NCD की स्क्रीनिंग
कटिहार जिले में गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान का शुभारंभ किया।
कटिहार एनआईसी सभागार से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार सदर विधायक तारकेश्वर प्रसाद, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता देवी, सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी। बिहार में करीब 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है, जबकि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान को प्रतिदिन 50 स्क्रीनिंग का लक्ष्य दिया गया है।
इस अभियान में 30 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों पर विशेष फोकस रहेगा। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुंह, स्तन और गर्भाशय के मुख के कैंसर, हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज और COPD जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
आशा कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर जाकर परिवारों का फैमिली फोल्डर तैयार करेंगी और संदिग्ध मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी। जरूरत पड़ने पर टेली-कंसल्टेशन, दवा और उच्चतर स्वास्थ्य संस्थान में रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
अभियान के तहत अस्पतालों में ब्लड शुगर, HbA1c, CBC, लिपिड प्रोफाइल, लिवर और किडनी फंक्शन टेस्ट, ECG, Pap Smear समेत कई महत्वपूर्ण जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
वहीं, मरीजों की नियमित निगरानी के लिए हर महीने फॉलोअप भी किया जाएगा। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग जिलाधिकारी करेंगे और जिला स्तर से इसकी दैनिक समीक्षा की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ बीमारी की पहचान करना नहीं, बल्कि समय पर जांच, समय पर पहचान और समय पर उपचार के जरिए गंभीर बीमारियों से होने वाली असामयिक मौतों को कम करना है।











