दूसरे जिले-राज्य में रहकर डिजिटल अटेंडेंस! कटिहार में 21 शिक्षक चिन्हित, डीएम ने कार्रवाई की कही बात

बिहार में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए लागू डिजिटल अटेंडेंस व्यवस्था पर कटिहार से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ई-शिक्षा कोश पोर्टल के आंकड़ों की समीक्षा में ऐसे 21 शिक्षकों को चिन्हित किया गया है, जो अपने पदस्थापित विद्यालय में मौजूद नहीं थे, लेकिन कथित तौर पर दूसरे जिले और यहां तक कि दूसरे राज्य में रहते हुए डिजिटल माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे थे।

दरअसल, शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ और डिजिटल अटेंडेंस की व्यवस्था लागू की है। इसके तहत शिक्षकों को विद्यालय परिसर में मौजूद रहकर ई-शिक्षा कोश पोर्टल के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है।

कटिहार में पिछले महीने के डिजिटल अटेंडेंस आंकड़ों की समीक्षा के दौरान गड़बड़ी सामने आने के बाद करीब 21 विद्यालयों के 21 शिक्षकों को चिन्हित किया गया है। विभाग ने सभी संबंधित शिक्षकों को शोकॉज नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

कटिहार के जिलाधिकारी ने कहा है कि शिक्षकों के जवाब की जांच की जाएगी। अगर स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब बड़ा सवाल यही है कि अगर डिजिटल व्यवस्था का इस्तेमाल विद्यालय में मौजूदगी सुनिश्चित करने के बजाय फर्जी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए किया जा रहा है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? फिलहाल शिक्षकों के जवाब और विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *