कुणाल खेमू और प्रीति जिंटा ने मचाया धमाल, ‘वाइब’ के ट्रेलर में कॉमेडी के साथ जबरदस्त एक्शन
मुंबई, 03 सितंबर 2026। कुणाल खेमू की अपकमिंग फिल्म ‘वाइब’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसमें कॉमेडी के साथ भरपूर एक्शन देखने को मिल रहा है। फिल्म का लेखन और निर्देशन कुणाल खेमू ने किया है।
ट्रेलर में कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव दो दोस्तों हार्दिक और बग्स के किरदार में नजर आते हैं। दोनों की जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब देश के सामने एक बड़ा खतरा मंडराने लगता है और उन्हें एक खतरनाक मिशन का हिस्सा बना दिया जाता है। खास बात यह है कि दोनों इस मिशन के लिए बिल्कुल तैयार नहीं होते, जिससे कहानी में कई मजेदार परिस्थितियां पैदा होती हैं।
फिल्म में प्रीति जिंटा ‘मैडम एच’ के किरदार में दिखाई देंगी। ट्रेलर में उनका एक्शन अवतार भी देखने को मिलता है। वह दोनों दोस्तों की बॉस की भूमिका में हैं और उन्हें मिशन के लिए तैयार करती नजर आती हैं। कॉमेडी, एक्शन, रोमांस और कई ट्विस्ट से भरपूर ट्रेलर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
‘मडगांव एक्सप्रेस’ के बाद कुणाल खेमू बतौर निर्देशक एक बार फिर अलग तरह की कॉमेडी और एंटरटेनमेंट लेकर आए हैं। फिल्म में वंशिका धीर, यशपाल शर्मा और दिनेश लाल यादव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘वाइब’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।











