कटिहार में लाखों के आभूषण चोरी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; चोरी के जेवर, नकदी और मोबाइल बरामद
कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र में घर में सेंधमारी कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण, नकद राशि, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
मामला सहायक थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को गृहभेदन और चोरी को लेकर मामला दर्ज कराया गया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक घर लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर अलमारी का लॉक भी टूटा था और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान गायब थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अरुण साह, पवन कुमार, सन्नी कुमार, संतोष सावंत, प्रशांत कर्मकार उर्फ बबलू, अंशु उर्फ मो. आसिफ और इजुल फातिमा उर्फ निशान शामिल हैं। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने जैसा पदार्थ, चांदी जैसी पायल, चांदी के सिक्के, 20,700 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन और एक लोहे का रॉड बरामद किया है। बरामद सोने जैसे पदार्थ का वजन करीब 29.317 ग्राम, जबकि चांदी जैसी पायल का वजन करीब 258.182 ग्राम बताया गया है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और चोरी के सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जगी है।











