ठुकरा के मेरा प्यार 2 का ओटीटी पर धमाल, भागलपुर में संचिता बसु ने फैंस को कहा धन्यवाद

भागलपुर से निकलकर ओटीटी की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री संचिता बसु इन दिनों अपनी वेब सीरीज ठुकरा के मेरा प्यार 2 की सफलता को लेकर चर्चा में हैं।

जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई इस वेब सीरीज के दूसरे सीजन को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलने का दावा किया जा रहा है। सीजन 2 के कुल 50 एपिसोड पूरे हो चुके हैं और सोशल मीडिया पर सीरीज को लेकर 10 लाख से ज्यादा रील बनाए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, सीरीज की पहुंच करोड़ों दर्शकों तक होने का दावा भी किया गया है।

सीरीज की सफलता के बाद संचिता बसु ने बुधवार को भागलपुर स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ठुकरा के मेरा प्यार उनके करियर का बेहद खास प्रोजेक्ट है।

संचिता ने बताया कि सीजन 1 और सीजन 2 के लिए पूरी टीम ने कई महीनों तक कड़ी मेहनत की। पहले सीजन को मिले प्यार के बाद दर्शक दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और अब दूसरे सीजन को भी उम्मीद से बढ़कर प्यार मिला है।

उन्होंने अपने फैंस और दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्यार और समर्थन ने पूरी टीम की मेहनत को सफल बनाया है।

वहीं, सीजन 3 को लेकर संचिता बसु ने फिलहाल सस्पेंस बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकती और दर्शकों को इंतजार करना होगा।

अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी संचिता ने संकेत दिया कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो जल्द ही फैंस को बड़ी खुशखबरी मिल सकती है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब संचिता से उनके क्रश के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए सलमान खान का नाम लिया। उन्होंने कहा कि सलमान खान उनके क्रश हैं और मौका मिला तो उनके साथ बड़े पर्दे पर काम करना चाहेंगी।

ठुकरा के मेरा प्यार 2 की कहानी प्यार, धोखे, बदले और राजनीति के इर्द-गिर्द घूमती है। सीजन 1 की घटनाओं के बाद कहानी आगे बढ़ती है, जहां रिश्तों के साथ-साथ सत्ता की लड़ाई भी कहानी का अहम हिस्सा बनती है।

फिलहाल संचिता बसु की इस सफलता से भागलपुर और उनके फैंस में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *