बाढ़ की जमीनी हकीकत से रूबरू हुए सांसद प्रतिनिधि बोले- दावे हुए फेल, अब भी चारे और प्लास्टिक की कमी

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए कटिहार सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने विभिन्न इलाकों का दौरा किया। उन्होंने पूर्वी बारी नगर पंचायत, सीज टोला, हासिमपुर, दक्षिणी भंडारतल, बैंडंडा, हरिशपुर गांव, कांतनगर पंचायत एवं सुखासन पंचायत सहित कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।दौरे के दौरान बाढ़ पीड़ितों ने सांसद प्रतिनिधि को राहत सामग्री, प्लास्टिक एवं मवेशियों के लिए चारे की कमी सहित कई समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि बाढ़ का पानी फैलने के बाद दैनिक जीवन काफी मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी परेशानी मवेशियों के चारे को लेकर बनी हुई है।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से बाढ़ से पहले हर तरह की तैयारी पूरी होने का दावा किया जाता है, लेकिन बाढ़ आने के बाद जमीनी स्तर पर स्थिति उन दावों से बिल्कुल अलग नजर आती है। उन्होंने कहा कि कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में अभी भी मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध नहीं है। वहीं पीड़ित परिवारों को प्लास्टिक सहित जरूरी राहत सामग्री की भी कमी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने और मवेशियों के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सांसद प्रतिनिधि ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
सुनील कुमार यादव ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में प्रशासन को केवल कागजी तैयारी और दावों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राहत व्यवस्था का असर बाढ़ पीड़ितों तक जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सक्रियता के साथ काम करने की जरूरत है। दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से उनकी अन्य समस्याओं की भी जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं सांसद तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव पहल की जाएगी। मौके पर अवधेश मंडल,मोहम्मद जहाँगीर आलम,सिमरनजीत सिंह,मोहम्मद मसकुर,
निरंजन पोद्दार,मोहम्मद मुर्तुजा,मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद मकबूल सहित कई कांग्रेस नेता एवं बुद्धिजीवी लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *