असामाजिक तत्वों पर रहेगी प्रशासन की नजर, शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं गणेश महोत्सव : बीडीओ

फलका (कटिहार)। गणेश पूजा, कलश यात्रा एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर फलका थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पर्व के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श किया।

बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह, अंचलाधिकारी सोमी पोद्दार, बीडीओ सन्नी सौरभ, पुलिस अवर निरीक्षक अमरदीप कुमार एवं विवेक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। संचालन भाजपा नेता संजय झा ने किया।

बीडीओ सन्नी सौरभ ने कहा कि गणेश महोत्सव आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है। सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान बरंडी नदी घाट पर गोताखोरों की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सुरक्षा को देखते हुए जरूरत वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग भी कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। असामाजिक तत्वों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। पूजा समिति के सदस्यों से भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की गई।

अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। कहा गया कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट को बिना पुष्टि के आगे साझा न करें। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

बैठक में नव युवा संघ के कार्यकर्ताओं के अलावा मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश कुमार रंजन, विनोद मिर्धा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनुज कुमार मंडल, जिला परिषद प्रतिनिधि बलराम साह, पंचायत समिति सदस्य लखनदेव ठाकुर, प्रमुख प्रतिनिधि मो. इरशाद, कृष्णा आदित्य नन्हे, मो. रियाज मास्टर, वकील अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंत में पूजा समिति एवं उपस्थित लोगों ने गणेश महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *