भागलपुर में भोजपुरी स्टारों के कार्यक्रम में भगदड़ और बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज

भागलपुर। शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में शनिवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब निजी ऑटोमोबाइल एजेंसी अमित हीरो की ओर से आयोजित मेगा इवेंट में भोजपुरी स्टार रौशन रोही और अभिनेत्री डिंपल सिंह पहुंचे। दोनों कलाकारों के मंच पर आते ही हजारों की संख्या में जुटी भीड़ बेकाबू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर कुछ उपद्रवियों ने ईंट-पत्थर, कुर्सियां और चप्पलें फेंकनी शुरू कर दीं। इसके बाद पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे मैदान में भगदड़ मच गई।

हालात बिगड़ने पर दोनों कलाकारों को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर सुरक्षित बाहर निकलना पड़ा। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों और दर्शकों के घायल होने की खबर है। उपद्रवियों ने कार्यक्रम स्थल पर जमकर तोड़फोड़ की। वीआईपी सोफे, कुर्सियां, साउंड बॉक्स और टेंट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद पूरे मैदान में टूटे फर्नीचर, जूते-चप्पल और पत्थर बिखरे नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमोद यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सदर एसडीओ विकास कुमार और तिलकामांझी थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पूरे परिसर को खाली कराया गया।

मामले में एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि इतने बड़े आयोजन के लिए आयोजक की ओर से जिला प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। इसके अलावा भीड़ के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि लापरवाही और विधि-व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *