बरारी की बेटी वैष्णवी ने रचा इतिहास, पहले प्रयास में UGC NET में हासिल किया 96.58 पर्सेंटाइल

बरारी। मजबूत इरादे और लगातार मेहनत के दम पर नगर पंचायत बरारी की बेटी वैष्णवी कुमारी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हिंदी साहित्य विषय से यूजीसी नेट परीक्षा में वैष्णवी ने अपने पहले ही प्रयास में 96.58 पर्सेंटाइल हासिल कर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

नगर पंचायत बरारी के वार्ड संख्या-5 निवासी वैष्णवी कुमारी, रामनाथ चौरसिया और नीलम देवी की पुत्री हैं। परिवार के अनुसार, कटिहार जिले में हिंदी साहित्य विषय से यूजीसी नेट क्वालीफाई करने वाली वैष्णवी एकमात्र अभ्यर्थी हैं। उनकी सफलता के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। मां नीलम देवी, पिता रामनाथ चौरसिया, भाई राज कुमार, चाचा कृष्ण कुमार चौरसिया और चाची रेणु कुमारी ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी।

भाई राज कुमार ने बताया कि वैष्णवी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं। उन्होंने नियमित पढ़ाई, सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन क्लास के माध्यम से यूजीसी नेट की तैयारी की। परिवार के सहयोग के साथ शिक्षकों और गुरुजनों के मार्गदर्शन ने भी उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गुरुनानक विद्यालय से शुरू हुआ सफर

वैष्णवी ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई गुरुनानक विद्यालय से पूरी की। इसके बाद महिला कॉलेज कटिहार से हिंदी विषय में स्नातक और डीएस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। पीजी के बाद उन्होंने यूजीसी नेट को अपना लक्ष्य बनाया और पूरी लगन के साथ तैयारी में जुट गईं।

वैष्णवी का कहना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। आत्मविश्वास, निरंतर सेल्फ स्टडी और ईमानदार मेहनत के जरिए ही सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।

वैष्णवी की यह सफलता अब बरारी और आसपास के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *