चेन्नई बनेगी वर्ल्ड क्लास ‘ओलंपिक सिटी’ और ‘मोटरस्पोर्ट्स सिटी’, सरकार का बड़ा ऐलान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने चेन्नई में विश्वस्तरीय ‘तमिलनाडु ओलंपिक सिटी’ विकसित करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही फॉर्मूला-1 जैसी अंतरराष्ट्रीय रेस की मेजबानी के लिए एक समर्पित ‘मोटरस्पोर्ट्स सिटी’ बनाने की भी योजना है।
सरकार के मुताबिक, इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में खेलों के बुनियादी ढांचे को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना और भविष्य के लिए विश्वस्तरीय एथलीट तैयार करना है।
‘ओलंपिक सिटी’ में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है। वहीं, ‘मोटरस्पोर्ट्स सिटी’ के जरिए चेन्नई को अंतरराष्ट्रीय मोटर रेसिंग के बड़े केंद्र के तौर पर विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से खेल और पर्यटन के साथ ऑटोमोबाइल उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे चेन्नई को वैश्विक खेल आयोजनों के नक्शे पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।











