दिग्गज संगीतकार गौरांग व्यास का निधन, PM मोदी ने जताया दुख
मशहूर गुजराती संगीतकार, अरेंजर और गायक गौरांग व्यास का निधन हो गया है। उन्होंने अहमदाबाद में 87 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से संगीत जगत में शोक की लहर है।
गौरांग व्यास प्रसिद्ध संगीतकार अविनाश व्यास के बेटे थे। उन्होंने कई दशकों तक गुजराती फिल्म संगीत और लोक संगीत के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संगीत की अपनी अनूठी शैली और रचनात्मकता के चलते उन्होंने अलग पहचान बनाई।
गौरांग व्यास के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर गौरांग व्यास के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उनके निधन पर दुख जताया और उनकी संगीत विरासत को याद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गौरांग व्यास का संगीत के क्षेत्र में योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से गुजराती संगीत जगत ने एक अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है।











