नाव पर सवार होकर बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचे सांसद लिया हालात का जायजा अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने का निर्देश
कटिहार जिला के बरारी विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए कटिहार सांसद तारिक अनवर ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण किया। सांसद ने मोहना चांदपुर पंचायत के भवानीपुर गांव समेत बाढ़ से प्रभावित हो रहे विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया और उनकी समस्याओं से अवगत हुए।
भवानीपुर गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने के बाद सांसद तारिक अनवर नाव पर सवार होकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने जलभराव की स्थिति, ग्रामीणों की परेशानी और आवागमन की समस्याओं का मौके पर जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण उत्पन्न हो रही परेशानियों से सांसद को अवगत कराया।
सांसद ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवश्यक राहत एवं बचाव की सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से प्रभावित परिवारों के बीच प्लास्टिक, ब्लीचिंग पाउडर, मवेशियों के लिए चारा उपलब्ध कराने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई शुरू करने को कहा, ताकि बाढ़ के कारण लोगों को भोजन एवं जरूरी सामान के लिए परेशान नहीं होना पड़े।
हर साल बाढ़, फिर भी स्थायी समाधान क्यों नहीं?
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के दौरान सांसद तारिक अनवर ने सरकार पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कटिहार के लोगों को आखिर कब तक हर वर्ष बाढ़ का दंश झेलना पड़ेगा। बाढ़ की समस्या कोई नई नहीं है, बावजूद इसके इसके स्थायी समाधान के लिए सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बाढ़ को लेकर किए जाने वाले दावे जमीनी स्तर पर पूरी तरह प्रभावी नजर नहीं आते। बाढ़ आने के बाद राहत सामग्री और अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय ऐसी ठोस कार्ययोजना तैयार करने की जरूरत है, जिससे हर साल बाढ़ की मार झेलने वाले लोगों को स्थायी राहत मिल सके। सांसद ने कहा कि कटिहार को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने का मुद्दा उन्होंने कई बार संसद में उठाया है। संबंधित मंत्री को भी लिखित रूप से समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक आश्वासन के अलावा कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा कटिहार के लोगों को हर वर्ष बाढ़ के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों से सीधे संवाद, हरसंभव मदद का भरोसा
सांसद ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में तेजी लानी चाहिए। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और पशुपालकों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।
भ्रमण के दौरान सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव, दिलीप विश्वास, शाहनवाज खान, अवधेश मंडल, जहांगीर आलम, सिमरनजीत सिंह, सुरजी लाल चौधरी, भगवत प्रसाद भगत, शाहिद बैठा, मुनेश्वर ठाकुर, शेख इलियास समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बुद्धिजीवी मौजूद रहे।











