अग्निवीर सेवा विस्तार

अग्निवीरों को 2 साल अतिरिक्त सेवा का मौका, भागलपुर के युवाओं ने फैसले का किया स्वागत; 10 साल करने की मांग

भागलपुर। अग्निपथ योजना में केंद्र सरकार की ओर से किए गए बदलाव का भागलपुर में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने स्वागत किया है। सरकार ने अग्निवीरों के लिए शुरुआती चार साल की सेवा के बाद दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद अग्निवीरों के लिए सशस्त्र बलों में नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने का एक और रास्ता खुला है। हालांकि, इसके लिए निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करना होगा।

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने सरकार के इस फैसले को सकारात्मक पहल बताया। युवाओं का कहना है कि सेवा अवधि बढ़ने से सेना में जाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का उत्साह और मनोबल बढ़ेगा। हालांकि, उनकी मांग है कि अग्निवीरों की सेवा अवधि को छह साल तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे बढ़ाकर सात से दस साल किया जाए। उनका कहना है कि अग्निवीरों को नियमित सैनिकों की तरह सम्मान, सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा भी मिलनी चाहिए।

सैंडिस कंपाउंड मैदान में हर सुबह चार से पांच बजे के बीच बड़ी संख्या में युवा दौड़ और शारीरिक अभ्यास करते नजर आते हैं। इन युवाओं के लिए सेना की वर्दी महज नौकरी नहीं, बल्कि देशसेवा और सम्मान का सपना है। ऐसे में सरकार के नए फैसले को वे अपने भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल मान रहे हैं। अब युवाओं की नजर इस बात पर है कि अतिरिक्त सेवा अवधि, नियमित सैनिक बनने के अवसर और सुविधाओं को लेकर आगे क्या नियम लागू किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *