बेटी की शादी का निमंत्रण देने चंदौली पहुंचे अनंत सिंह, भाजपा विधायक सुशील सिंह से की मुलाकात
चंदौली। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण देने उत्तर प्रदेश के चंदौली पहुंचे। यहां उन्होंने सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह के कार्यालय पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान भाजपा विधायक और उनके समर्थकों ने अनंत सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। सुशील सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद अनंत सिंह ने अपनी बेटी के विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि वह जा रहे हैं और रास्ते में अपने दोस्त-यारों से मिलते जा रहे हैं। उनकी बेटी का विवाह समारोह 25 नवंबर को मोकामा में आयोजित होगा। वहीं, भाजपा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि अनंत सिंह बेटी की शादी का निमंत्रण देने आए थे और वह विवाह समारोह में जरूर शामिल होंगे। उन्होंने इस मुलाकात को पूरी तरह पारिवारिक एवं व्यक्तिगत बताते हुए स्पष्ट किया कि इसका कोई राजनीतिक मकसद नहीं है।
इस दौरान अनंत सिंह से वाराणसी में चिराग पासवान की रैली और पटना में हुए एनकाउंटर को लेकर भी सवाल पूछे गए। हालांकि, उन्होंने इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। सवाल पूछे जाने के दौरान अनंत सिंह ने अपनी गाड़ी का शीशा चढ़ा लिया और वहां से आगे निकल गए। उनका यह अंदाज भी चर्चा का विषय बना रहा।











