कटिहार में नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक से जागरूकता अभियान शुरू, कलाकारों ने दिखाया नशे का पारिवारिक दुष्परिणाम

कटिहार। जिले में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशासन ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विशेष अभियान शुरू किया है। बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के निर्देश पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के आदेशानुसार शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 से जिले के विभिन्न पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मुख्यालय से पहुंची नुक्कड़ नाटक मंडली के कलाकारों ने अलग-अलग स्थानों पर प्रस्तुति देकर लोगों को शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से बताया कि नशा तन, मन और धन तीनों का नाश करता है।

‘एक भूल-बर्बाद पूरा परिवार’ नाटक से दिखाया नशे का दुष्परिणाम

अभियान के तहत जिले के चार चयनित स्थलों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इनमें हफलागंज के बालू टोला स्थित बजरंगबली मंदिर के पास, सिरसा पुराना टोला वार्ड संख्या-03, पागलबारी चौक सामुदायिक भवन के पास तथा बड़ी हंसवर स्थित शिव मंदिर के पास कार्यक्रम आयोजित किए गए। नाटक का विषय ‘एक भूल-बर्बाद पूरा परिवार’ रखा गया था। कलाकारों ने मार्मिक अभिनय के जरिए दिखाया कि किस तरह शराब और नशे की लत किसी युवा का रोजगार, स्वास्थ्य और पारिवारिक खुशियां छीन सकती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

टोल फ्री नंबर 15545 की दी जानकारी, हाट-बाजार और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचेगी मंडली

अभियान के दौरान लोगों को पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रावधानों और टोल फ्री नंबर 15545 की जानकारी दी गई। साथ ही नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को नशामुक्ति केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया गया। कलाकारों ने सामाजिक बहिष्कार के बजाय नशे की लत से प्रभावित लोगों को सुधारने और मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश भी दिया। सहायक निदेशक, मद्य निषेध ने बताया कि नुक्कड़ नाटक मंडली आगे जिले के प्रमुख हाट-बाजारों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत भवनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को समर्थन दिया।

Report – Aamir Khan
Date- 05/11/2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *