छठ घाटों पर SDRF की तैनाती से लेकर रेलवे स्टेशनों की निगरानी तक, CM सम्राट चौधरी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
छठ पर घाटों से रेलवे स्टेशन तक सुरक्षा के निर्देश, CM सम्राट चौधरी ने की समीक्षा
कटिहार। दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर बिहार सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 6 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर में पर्व-त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक समेत जिले के सभी वरीय अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दोनों पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं।
छठ घाटों पर SDRF की टीम, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा जरूरत के अनुसार वॉच टावर लगाने का निर्देश दिया। शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक हॉटस्पॉट चिह्नित कर जाम से निपटने की व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं, छठ घाटों पर डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम करने और संवेदनशील घाटों पर SDRF की टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पूजा स्थलों और घाटों के आसपास लटकते एवं नंगे बिजली के तारों को दुरुस्त कराने, घाटों तक जाने वाली सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्निशमन वाहनों और कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
रेलवे स्टेशन पर भी रहेगी विशेष निगरानी, डीएम ने अधिकारियों को किया अलर्ट
पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद कटिहार डीएम आशुतोष द्विवेदी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन के अनुसार दीपावली और छठ के दौरान सुगम आवागमन, सुरक्षा एवं बेहतर जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
Report – Aamir khan
Date-06/11/2026











