धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के पप्पू यादव, बोले- ‘लफुआ और जाहिल कैसे संत हो गए’, CM सम्राट चौधरी को भी घेरा
भागलपुर। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर आपत्तिजनक बातें करते हैं, उनके खिलाफ धार्मिक संगठनों की ओर से आवाज क्यों नहीं उठाई जाती? पप्पू यादव ने कहा कि उनकी आस्था को ठेस पहुंचाने वालों को संत कैसे माना जा सकता है। उन्होंने संत की परिभाषा बताते हुए कहा कि संत वह है जो मानव कल्याण और प्रेम की बात करता है।
‘मेरी आस्था को ठेस पहुंचाने वाले कैसे संत हो गए?’
पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी उनके बयानों पर सवाल उठाए थे। सांसद ने इस्कॉन, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठनों की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि संत का काम समाज को जोड़ना और मानव कल्याण की बात करना है, न कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना। इस दौरान उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के लिए ‘लफुआ’ और ‘जाहिल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
सम्राट चौधरी के बयान पर भी साधा निशाना, बोले- 13 करोड़ बिहारियों की बदनामी हो रही है
धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान को लेकर विवाद के बीच पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पिछले 40 वर्षों से बिहार और बिहारी गाली का पर्याय बने हुए हैं। मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ पढ़िए और समझिए, आपके आचरण और व्यवहार के कारण 13 करोड़ बिहारियों की बदनामी हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां शुभानल्लाह। एक छठी क्लास, एक दसवीं क्लास, हमाम में सब नंगे हैं।” इस तरह पप्पू यादव ने एक ही बयान में धार्मिक टिप्पणी और बिहार की राजनीति दोनों मुद्दों पर अपनी नाराजगी जाहिर की।











