अब छात्राएं डरकर नहीं, डटकर पढ़ेंगी! कटिहार में ‘पुलिस दीदी’ की एंट्री
बिहार सरकार ने स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसी के तहत कटिहार में भी छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जा रही है।
कटिहार नगर थाना को इस अभियान के लिए 5 स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। इन स्कूटी के जरिए महिला पुलिसकर्मी शहर के स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों और छात्राओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों के आसपास नियमित भ्रमण करेंगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई और रोजमर्रा की गतिविधियों को जारी रख सकें।
‘पुलिस दीदी’ सिर्फ सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर छात्राओं की समस्याओं को सुनने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
सरकार की यह पहल बेटियों के प्रति सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
अब स्कूल-कॉलेज जाने वाली बेटियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा और उनके माता-पिता की चिंता भी कम होगी।
क्योंकि सुरक्षित बेटी ही आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की उड़ान भर सकती है।











