कटिहार न्यूज़, सड़क निर्माण, जलजमाव, सड़क जाम, प्रशासन, स्थानीय लोग

कटिहार नगर निगम क्षेत्र के खनका जाने वाली मुख्य सड़क पर जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। परेशान स्थानीय लोगों ने अब सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण पिछले करीब 5 से 6 महीने से चल रहा है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। वहीं, लगातार बारिश के कारण सड़क पर भारी जलजमाव हो गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि लोग बाइक लेकर भी सड़क के अंदर जाने से डर रहे हैं। पानी की गहराई और सड़क की खराब स्थिति के कारण बाइक सवारों के गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

इसी परेशानी को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया। लोगों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और तत्काल जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *