बाढ़ प्रभावित भवानीपुर पहुंचे डीएम, कुंडी घाट का लिया जायजा
कटिहार के बरारी प्रखंड में बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने मोहना चांदपुर पंचायत के भवानीपुर स्थित कुंडी घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सामुदायिक किचन, प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की उपलब्धता, पशुओं के लिए चारा और मेडिकल सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है और लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास जारी है।











