Katihar Flood Update: कटिहार में 3.43 लाख आबादी बाढ़ प्रभावित, 67 नावें और राहत कार्य जारी

कटिहार में 3.43 लाख से अधिक आबादी बाढ़ प्रभावित, 67 नावें और राहत शिविर सक्रिय

कटिहार जिले में गंगा, कोसी, बरांडी और कारीकोसी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से जारी ताजा जानकारी के मुताबिक जिले के चार प्रमुख अंचलों समेत कुल 35 ग्राम पंचायतों के 236 गांव और 3 नगर पंचायतों के 10 वार्ड प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से अब तक करीब 3 लाख 43 हजार 180 लोग प्रभावित होने की सूचना है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के आवागमन के लिए जिले में कुल 67 नावों का परिचालन कराया जा रहा है। इनमें बरारी में 19, मनिहारी में 11, अमदाबाद में 8, कुर्सेला में 17, मनसाही में 3, प्राणपुर में 4, कोढ़ा में 3 और फलका में 2 नाव शामिल हैं।

वहीं, राहत के तहत सामुदायिक रसोई के माध्यम से आज करीब 5,250 बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन कराया गया। इसके अलावा नए प्रभावित क्षेत्रों के विस्थापितों और जलमग्न घरों में रह रहे परिवारों के लिए 60 अतिरिक्त सामुदायिक रसोई केंद्र शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

स्वास्थ्य सुविधाओं की बात करें तो बरारी, अमदाबाद और कुर्सेला में संचालित 8 स्वास्थ्य शिविरों में करीब 450 लोगों का इलाज किया जा चुका है। साथ ही 458 हैलोजन टैबलेट का वितरण किया गया है।

बाढ़ प्रभावित पशुओं के उपचार के लिए बरारी, कुर्सेला, मनिहारी और अमदाबाद में पशु चिकित्सा शिविर चलाए जा रहे हैं, जहां अब तक 123 पशुओं का इलाज किया गया है।

वहीं, प्रभावित और विस्थापित परिवारों के बीच अब तक करीब 4,060 पॉलीथीन शीट वितरित की जा चुकी हैं। पेयजल की सुविधा के लिए बरारी में 12 और कुर्सेला में 4 नए चापाकल लगाए गए हैं।

जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता और सूचना के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र यानी DEOC को 24 घंटे सक्रिय रखा है।

लोग आपदा से जुड़ी सूचना या सहायता के लिए 06452-239025, 239026 और 242400 पर संपर्क कर सकते हैं। ईमेल के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *