बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मंत्री रत्नेश सदा, तिरपाल बांटकर जाना हाल

कटिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा मनिहारी पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व्यवस्था का जायजा लिया।

मंत्री ने आजमपुर गोला, सिंगल टोला सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। आजमपुर गोला में उन्होंने अपने हाथों से बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच तिरपाल का वितरण किया। इस दौरान कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी भी मौजूद रहे।

मंत्री ने प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मंत्री ने क्षेत्र में संचालित कम्युनिटी किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बाढ़ प्रभावित लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी बाढ़ पीड़ित को राहत और जरूरी सुविधाओं से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, तिरपाल और अन्य जरूरी राहत सामग्री प्रभावित परिवारों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

वहीं, मंत्री ने जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की सक्रियता और जमीनी स्तर पर राहत कार्यों की निगरानी की सराहना की।

इस दौरान कदवा विधायक दुलाल चंद गोस्वामी, मनिहारी प्रमुख अनीता देवी, कटिहार एमएलसी अशोक कुमार अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *