कटिहार रेलवे पिट लाइन में फिर शुरू हुई सफाई, हड़ताल खत्म होने पर मजदूरों ने मनाई खुशी
कटिहार रेलवे पिट लाइन के सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, PF-ESI और न्यूनतम मजदूरी पर बनी सहमति
कटिहार रेलवे की पिट लाइन में काम करने वाले सफाईकर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। मांगों पर सहमति बनने के बाद शनिवार से सभी सफाईकर्मी वापस काम पर लौट आए।
दरअसल, सफाईकर्मी 26 अगस्त से हड़ताल पर थे। उनका आरोप था कि उन्हें पीएफ और ईएसआई का लाभ नहीं दिया जा रहा था और सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया जा रहा था।
मजदूरों की मांगों को लेकर राजद के युवा नेता आशु पांडे ने रेलवे अधिकारियों और संबंधित एजेंसी से बातचीत की थी। मांगें पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी गई थी।
इसके बाद संबंधित एजेंसी ने सफाईकर्मियों को PF और ESI का लाभ देने तथा न्यूनतम मजदूरी लागू करने पर सहमति जताई। एजेंसी से आश्वासन मिलने के बाद मजदूरों ने हड़ताल समाप्त कर दी।
हड़ताल खत्म होने की खुशी में सफाईकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। कर्मचारियों ने इसे अपने संघर्ष की जीत बताया।
वहीं, आशु पांडे ने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को स्वीकार किए जाने पर वे रेलवे अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को उनका अधिकार मिलना जरूरी है और आगे भी मजदूरों के हित की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।











