आजादी के 79 साल बाद भी अंधेरे में ग्रामीण, 50 खरवार परिवार बिजली का इंतजार करने को मजबूर

चंदौली/नौगढ़। आजादी के 79 साल बीत जाने के बाद भी नौगढ़ क्षेत्र के एक गांव के ग्रामीण बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। मामला ग्राम पंचायत चिकनी के ओरवाटांड़ पुरवा का है, जहां करीब 40 से 50 खरवार परिवार आज भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, वर्ष 2021 से गांव में विद्युतीकरण की मांग को लेकर वे लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगा रहे हैं। करीब 15 दिन पहले बिजली विभाग की ओर से गांव में लगाए जाने के लिए लगभग 50 बिजली के खंभे भी पहुंचाए गए। खंभे देखकर ग्रामीणों में जल्द घर रोशन होने की उम्मीद जगी।

लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की आपत्ति के बाद विद्युतीकरण का काम फिर से रुक गया है। ग्रामीणों का दावा है कि मौके पर पहले से करीब 20 फीट चौड़ा कच्चा रास्ता मौजूद है, जिसके रास्ते बिजली के खंभे लगाए जा सकते हैं।

इसी समस्या को लेकर ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग की आपत्ति को दूर कर विद्युतीकरण का काम जल्द शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों से अंधेरे में रह रहे 40 से 50 परिवारों के घरों में बिजली पहुंच सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग ग्रामीणों की इस वर्षों पुरानी मांग पर क्या कदम उठाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *