चंदौली में अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 1.20 करोड़ की शराब के साथ 5 गिरफ्तार

चंदौली | उत्तर प्रदेश | क्राइम
चंदौली में अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक से करीब 6935 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, शराब की 775 पेटियों को वाल पुट्ठी की बोरियों के नीचे छिपाकर दिल्ली-चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए आगे ब्रेजा कार लगा रखी थी, जिससे ट्रक को रास्ते की लोकेशन दी जा रही थी।

अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंधीताली पुल, NH-19 के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि ट्रक चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

बाद में पुलिस ने ब्रेजा कार सवार दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। ट्रक से इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल ब्रांड की 775 पेटी शराब बरामद हुई। वहीं, ब्रेजा कार से 5 एटीएम कार्ड और 2500 रुपये नकद भी मिले।

पुलिस के अनुसार, शराब को बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। मामले में अलीनगर थाने में BNS और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *