केंद्रीय विद्यालय कटिहार में पढ़ाई के साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, ताइक्वांडो और जूडो सीख रहे छात्र-छात्राएं
कटिहार। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय कटिहार में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और आत्मरक्षा प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को ताइक्वांडो और जूडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने बताया कि ताइक्वांडो और जूडो से शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक विकास और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इन खेलों के अभ्यास से अनुशासन, एकाग्रता और विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने की समझ विकसित होती है। विद्यार्थियों ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया और बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
वहीं, विद्यालय के प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं के प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।
Report by – Aamir khan
KATIHAR , BIHAR
DATE_ 04/11/2026











