कटिहार में स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे के खिलाफ पुलिस अभियान, दुकानदारों को चेतावनी
कटिहार। स्कूली बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए कटिहार पुलिस ने स्कूलों एवं कॉलेजों के आसपास स्थित दुकानों के खिलाफ जांच अभियान शुरू किया है। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत तंबाकू उत्पादों और मादक पदार्थों की बिक्री पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीम शिक्षण संस्थानों के आसपास की दुकानों की जांच कर रही है और दुकानदारों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों या मादक पदार्थों की बिक्री करते पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोटपा अधिनियम के तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। इसी को लेकर दुकानदारों को अपनी दुकानों से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद हटाने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया जा रहा है।
इस संबंध में डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों के बीच सूखे नशे का बढ़ता प्रचलन चिंता का विषय है। आशंका है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास की दुकानों से होने वाली आपूर्ति के कारण बच्चों तक नशीले पदार्थ पहुंच रहे हैं। इसी को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किसी दुकान से मादक पदार्थ बरामद होने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य बच्चों को नशे से बचाना और सूखे नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक लगाना है।
Report by – Aamir khan
KATIHAR , BIHAR
DATE_ 04/11/2026











