पीरपैंती अदाणी पावर जमीन विवाद

पीरपैंती में अदाणी पावर की 81 एकड़ जमीन पर विवाद,

पीरपैंती में अदाणी पावर की 81 एकड़ जमीन पर विवाद, रेलवे अधिकारियों ने किया सत्यापन; जल्द होगी सरकारी मापी


भागलपुर।
जिले के पीरपैंती में अदाणी पावर और रेलवे की जमीन को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। रेलवे की जमीन पर शीतला माता मंदिर और कब्रिस्तान का निर्माण कराए जाने की शिकायत के बाद बुधवार को रेलवे के अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घंटों तक संबंधित भूमि का सत्यापन किया और रेलवे के नक्शे के आधार पर जमीन की स्थिति एवं सीमाओं को समझने का प्रयास किया।

दरअसल, स्थानीय ग्रामीणों और किसान चेतना समिति के अध्यक्ष श्रवण सिंह ने मालदा रेल मंडल के डीआरएम को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि अदाणी पावर कंपनी की ओर से रेलवे की जमीन पर शीतला माता मंदिर और कब्रिस्तान का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर रेलवे की जमीन को सुरक्षित रखने की मांग की गई थी। इसी शिकायत के आलोक में साहेबगंज से आईओडब्ल्यू सुधीर कुमार और राजीव लोचन पीरपैंती पहुंचे। इस दौरान अदाणी पावर के कर्मी अभिमन्यु सिंह भी मौजूद रहे। दोनों रेलवे अधिकारियों ने रेलवे के नक्शे के जरिए संबंधित जमीन की पहचान और उसकी सीमाओं का सत्यापन किया। हालांकि, काफी देर तक जांच-पड़ताल के बावजूद नक्शे से जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।

वहीं, अदाणी पावर के कर्मी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि कंपनी ने रेलवे से करीब 81 एकड़ जमीन लीज पर ली है और उसी भूमि पर कंपनी की ओर से कार्य कराया जा रहा है। हालांकि, लीज कितने वर्षों के लिए ली गई है, इस बारे में उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। दूसरी ओर, आईओडब्ल्यू सुधीर कुमार और राजीव लोचन ने बताया कि नक्शे के आधार पर फिलहाल जमीन की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद जल्द ही सरकारी अमीन से भूमि की मापी कराई जाएगी।

अब इस पूरे विवाद में सबसे अहम सवाल यह है कि मंदिर और कब्रिस्तान निर्माण वाली जमीन वास्तव में रेलवे की है या अदाणी पावर को लीज पर दी गई 81 एकड़ जमीन का हिस्सा है। इसका खुलासा दस्तावेजों की जांच और सरकारी मापी के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल रेलवे अधिकारियों के सत्यापन के बाद अब सबकी निगाहें सरकारी मापी पर टिकी हैं।
https://studio.youtube.com/video/GEv2r8Nb7X4/edit

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *