भागलपुर सांसद अजय मंडल का बियाडा घाट पर हाईवोल्टेज ड्रामा, जहाज पर कार ले जाने से रोका तो FIR और धरने की दी चेतावनी

भागलपुर सांसद अजय मंडल का बियाडा घाट पर हंगामा, कार रोकने पर FIR की चेतावनी

भागलपुर। जिले के बरारी स्थित बियाडा घाट पर गुरुवार देर शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब जदयू सांसद अजय मंडल को जहाज पर अपनी कार ले जाने से रोक दिया गया। रात करीब 8 बजे शुरू हुआ विवाद लगभग डेढ़ घंटे तक चलता रहा। इस दौरान सांसद ने जहाज संचालक पर नियमों में भेदभाव करने का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी।

जानकारी के अनुसार, सांसद अजय मंडल को नवगछिया के जाह्नवी चौक घाट के रास्ते एक शादी समारोह में शामिल होने जाना था। इसके लिए वे अपनी कार जहाज पर चढ़ाना चाहते थे, लेकिन जहाज संचालक ने प्रशासनिक निर्देशों और निर्धारित समय का हवाला देते हुए कार ले जाने से इनकार कर दिया। इसी बीच नवगछिया की ओर से पहुंचे दूसरे जहाज पर एक कार लदी देखकर सांसद ने आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दूसरे जहाज पर कार ले जाने की अनुमति दी जा रही है, तो उनकी कार को क्यों रोका गया?

मामले की सूचना मिलने पर औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना अध्यक्ष सूबेदार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सांसद शिकायत दर्ज कराने थाने चले गए। सांसद ने आरोप लगाया कि नियमों की आड़ में उनके साथ भेदभाव किया गया है। वहीं, जहाज मैनेजर मोहम्मद सरफराज अख्तर ने सफाई देते हुए बताया कि दूसरे जहाज पर लदी कार कंपनी के कर्मचारियों की थी, जो सामान लाने के सिलसिले में पूर्णिया गए थे।

फिलहाल सांसद की शिकायत के बाद मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *