राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाने में सपा का योगदान! इकरा हसन के बयान से कांग्रेस-सपा में बढ़ी तकरार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज होती नजर आ रही है। दोनों दलों के नेताओं के बीच जारी बयानबाजी के बीच कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष का पद मिलने में समाजवादी पार्टी के समर्थन और योगदान की अहम भूमिका रही है। इकरा हसन के इस बयान को दोनों सहयोगी दलों के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी से जोड़कर देखा जा रहा है।
इकरा हसन ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी 111 मौजूदा विधानसभा सीटों पर कोई समझौता नहीं करेगी। जिन सीटों पर सपा के मौजूदा विधायक हैं, उन पर पार्टी का स्वाभाविक दावा बनता है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन किसी एक व्यक्ति से बड़ा होता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपने नेताओं की बयानबाजी पर ध्यान देने और गठबंधन को लेकर स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की। इकरा का कहना है कि गठबंधन में दोनों दलों को आपसी सम्मान, सहयोग और राजनीतिक परिस्थितियों को समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
दरअसल, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया गया है, जबकि कांग्रेस की ओर से इससे अधिक सीटों की मांग की जा रही है। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। ऐसे में INDIA गठबंधन के दोनों सहयोगियों के बीच बढ़ती खींचतान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सबकी नजर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेतृत्व के बीच होने वाली बातचीत पर है। देखना होगा कि दोनों दल आपसी मतभेद दूर कर सीट बंटवारे पर सहमति बना पाते हैं या नहीं।











