बाढ़ प्रभावित छह स्थानों पर मेडिकल कैंप, दो नाव एंबुलेंस से पहुंच रही स्वास्थ्य सेवा

गंगा और कोसी के बढ़ते जलस्तर के बीच कटिहार के कुरसेला में बाढ़ प्रभावित लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है।

कुरसेला स्वास्थ्य केंद्र की ओर से बाढ़ प्रभावित छह स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। वहीं, सड़क संपर्क बाधित इलाकों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के लिए दो मेडिकल नाव एंबुलेंस चलाई जा रही हैं।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल के नेतृत्व में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही है। अब तक मेडिकल कैंप और नाव एंबुलेंस के जरिए करीब 650 मरीजों की जांच कर दवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर मरीजों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ जरूरी दवाओं का वितरण भी कर रहे हैं।

वहीं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को प्राथमिकता दी जा रही है। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बाढ़ की स्थिति के बीच मेडिकल नाव एंबुलेंस के जरिए लगातार मरीजों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जा रही है।

बाढ़ के बीच स्वास्थ्य विभाग की यह पहल प्रभावित लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *